नारनौल। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रविवार सुबह 9:30 बजे नवनिर्मित इंटीग्रेटेड मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक हब में पहली मालगाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। रेल यार्ड और ट्रैक का निर्माण पूरा होने के बाद पहली बार यहां मालगाड़ी पहुंचेगी। इसे क्षेत्र के औद्योगिक विकास की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। राज्यस्तरीय कार्यक्रम का आयोजन हरियाणा सरकार के उद्योग एवं वाणिज्य विभाग, हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम तथा रेल मंत्रालय के उपक्रम डेडीकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड की ओर से संयुक्त रूप से किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर उपायुक्त अनुपमा अंजली ने अधिकारियों के साथ आयोजन स्थल के अलावा तलोट, घाटाशेर और बसीरपुर में बनाए गए आधुनिक रेलवे स्टेशन भवनों का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, मंच, बैठक, यातायात प्रबंधन और तकनीकी तैयारियों की समीक्षा कर सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक दीपक, एसडीएम नारनौल अनिरुद्ध यादव, सीटीएम डॉ. मंगल सेन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। 408 एकड़ में विकसित हुआ हब उपायुक्त ने बताया कि परियोजना के पहले चरण में 408 एकड़ क्षेत्र में रेल, सड़क, बिजली और जलापूर्ति सहित आवश्यक आधारभूत सुविधाएं तैयार की गई हैं। मालगाड़ियों के संचालन के लिए करीब दो किलोमीटर लंबी चार रेल पटरियां, दो स्टेशन भवन और बड़े प्लेटफॉर्म बनाए गए हैं। उद्योगों को मिलेगा नया आधार वेस्टर्न डेडीकेटेड फ्रेट कॉरिडोर से सीधे जुड़ाव के कारण लॉजिस्टिक हब से उत्तर भारत के प्रमुख बाजारों और बंदरगाहों तक माल की तेज और कम लागत में ढुलाई हो सकेगी। इससे क्षेत्र में बड़े उद्योगों के आने की संभावनाएं बढ़ेंगी। साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।