केयू में वीरवार को आयोजित एआई आधारित जॉब फेयर में रोजगार की तलाश में युवाओं की भीड़ उमड़ पड़ी। विश्वविद्यालय परिसर में सुबह से ही पंजीकरण काउंटरों पर विद्यार्थियों की कतारें लगी रहीं। करीब दो सो से 250 युवाओं ने विभिन्न कंपनियों में नौकरी और इंटर्नशिप के लिए पंजीकरण कराया। दिनभर इंटरव्यू और प्रारंभिक चयन प्रक्रिया चलती रही। यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (यूआईईटी) की ओर से आयोजित जॉब फेयर में लेंसकार्ट, मिडास ग्रुप, मोटोकैप, केरी टीवियान टेक्नोलॉजी, इंडीकोर, इन्फोकॉम और ओटा सोल टेक्नोलॉजी समेत कई कंपनियों ने भाग लिया। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों के साक्षात्कार लिए और विभिन्न पदों के लिए चयन प्रक्रिया शुरू की। जॉब फेयर में इंजीनियरिंग के अलावा अन्य संकायों के विद्यार्थियों ने भी हिस्सा लिया। एआई आधारित स्क्रीनिंग और प्रोफाइल मैचिंग के जरिए अभ्यर्थियों का मूल्यांकन किया गया। रोजगार मेले में शामिल कंपनियों ने योग्य उम्मीदवारों के दस्तावेजों की जांच के साथ प्रारंभिक इंटरव्यू भी लिए। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि इस तरह के रोजगार मेले विद्यार्थियों को पढ़ाई के दौरान ही उद्योग जगत से जुड़ने का अवसर देते हैं। इससे युवाओं को रोजगार और इंटर्नशिप के नए विकल्प मिलते हैं।