कुरुक्षेत्र। सावन माह की शुरुआत बारिश के साथ होने से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिली। गुरुवार को दोपहर तक तेज धूप और उमस भरी गर्मी ने लोगों को बेहाल किए रखा, लेकिन शाम होते-होते मौसम ने करवट ली और झमाझम बारिश शुरू हो गई। बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहावना हो गया। हालांकि कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश रही, जो 10 एमएम से अधिक दर्ज की गई। आज शुक्रवार को भी बारिश होने की संभावना है। बारिश के कारण शहर के कई निचले इलाकों और प्रमुख मार्गों पर जलभराव भी हुआ। इससे वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, लंबे समय से गर्मी और उमस से परेशान लोगों ने बारिश का स्वागत किया और राहत की सांस ली। वहीं बारिश होने व अगले कुछ दिनों तक ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना से किसानों ने भी राहत महसूस की है। इसका धान की फसल पर साकारात्मक असर पड़ेगा। अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विभाग ने शुक्रवार को भी जिले में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। बागवानी विशेषज्ञ डॉ सीबी सिंह का कहना है कि बारिश का सिलसिला जारी रहने की उम्मीद है ।