छठ पर्व की धूम में डूबे करनाल के श्रद्धालुओं के लिए मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। पश्चिमी यमुना नहर में उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद नहाने के प्रयास में 35 वर्षीय संतोष यादव नहर में कूद पड़े और लापता हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोर बचाव कार्य में जुटे हैं, लेकिन अब तक संतोष का कोई सुराग नहीं मिला है। घटना मंगलवार सुबह करनाल के पश्चिमी यमुना नहर तट पर छठ पूजा के दौरान घटी। परिवार के साथ सूर्य को अर्घ्य चढ़ाने आए संतोष यादव अचानक नहर में नहाने के लिए कूद पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, संतोष नहर के इस किनारे से सफलतापूर्वक दूसरी ओर तैरते हुए पहुंच गए थे, लेकिन तभी अचानक वह तेज धारा में बहने लगे और लोगों की आंखों से ओझल हो गए। आसपास मौजूद श्रद्धालु घबरा गए और तुरंत चिल्लाने लगे। परिजनों ने बताया कि संतोष यादव एक सामान्य परिवार से ताल्लुक रखते हैं और छठ पूजा के लिए पूरे परिवार के साथ नहर तट पर पहुंचे थे। उनकी पत्नी ने रोते हुए कहा कि हम सब पूजा में व्यस्त थे, तभी संतोष अचानक नहाने चले गए।