जुंडला गेट स्थित मस्त गिरी अखाड़े में 11 दिवसीय महारुद्र यज्ञ श्रद्धा और भक्ति के साथ जारी है। इस यज्ञ में प्रतिदिन सुबह और शाम को बड़ी संख्या में श्रद्धालु विश्व शांति, पर्यावरण शुद्धि और जनकल्याण की कामना के साथ आहुतियां अर्पित कर रहे हैं। उत्तराखंड से पधारे 11 विद्वान ब्राह्मणों द्वारा विधिवत वेद मंत्रों का उच्चारण करते हुए यज्ञ में आहुतियां डलवाई जा रही हैं। यज्ञ स्थल पर गूंजते वेद मंत्रों ने आध्यात्मिक वातावरण बनाया है, जो श्रद्धालुओं को विशेष अनुभूति प्रदान कर रहा है। गुरुवार को महंत प्रह्लाद गिरी महाराज ने भी यज्ञ स्थल पर पहुंचकर आहुतियां अर्पित कीं। आचार्य गोविंद पंत शास्त्री ने बताया कि यह महारुद्र यज्ञ विश्व शांति, पर्यावरण शुद्धि और जनकल्याण के उद्देश्य से आयोजित किया गया है। यज्ञ के दौरान प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान भी संपन्न हो रहे हैं। 11 दिनों तक चलने वाले इस यज्ञ में सैकड़ों श्रद्धालु दो लाख 16 हजार 131 आहुतियां अर्पित करेंगे। आयोजन के समापन पर 5 जून को पंचधूणी तपस्या का विश्राम होगा, साथ ही पूर्ण आहुति और भंडारे का आयोजन किया जाएगा।