नागरिक अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत जानने पहुंचे हेल्थ डायरेक्टर डॉ. वीरेंद्र यादव का निरीक्षण शुक्रवार को अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए चेतावनी साबित हुआ। व्यवस्थाओं में कई खामियां मिलने पर उन्होंने मौके पर ही जिम्मेदार अधिकारियों की क्लास लगा दी। निरीक्षण के दौरान एक ऐसा दृश्य भी देखने को मिला, जब ब्लड प्रेशर चेक करवाने के लिए डेढ़ घंटे से इंतजार कर रही महिला से डायरेक्टर ने खुद कहा, आओ, मैं नापता हूं तुम्हारा बीपी और मशीन संभाल ली। निरीक्षण के दौरान सार्थक टीम ने भी सिविल अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। ओपीडी, एक्स-रे विभाग, दंत चिकित्सा कक्ष और ब्लड बैंक में कमियों पर डायरेक्टर ने कड़ा रुख अपनाया। ओपीडी में निरीक्षण के दौरान डायरेक्टर की नजर एक महिला पर पड़ी, जो काफी समय से ब्लड प्रेशर जांच के लिए बैठी थी। पूछताछ में पता चला कि वह करीब डेढ़ घंटे से इंतजार कर रही है। इस पर डायरेक्टर ने नाराजगी जताते हुए कहा कि मरीजों को बुनियादी जांच के लिए भी लंबा इंतजार करना पड़े, यह स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने तुरंत स्टाफ को बुलाकर व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए और स्वयं महिला का बीपी चेक किया।