जल शक्ति अभियान के तहत जिला कैथल की केंद्रीय नोडल ऑफिसर भूमिका वर्मा ने वीरवार को विभिन्न गांवों का दौरा किया और विभिन्न विभागों के जल संचयन एवं संवर्धन की दिशा में किए जा रहे कार्यों का गहनता से निरीक्षण किया। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि जमीनी स्तर पर चल रही परियोजनाएं प्रभावी ढंग से लागू हो रही हैं या नहीं और क्या उनके अपेक्षित परिणाम मिल रहे हैं। उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा इस क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और ग्रामीणों को जल संचय, जन भागीदारी, जन जागरूकता का संदेश दिया।