फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू जींद। शहर के न्यू क्लॉथ मार्केट में सोमवार देर रात शॉर्ट सर्किट से दो दुकानों में आग लग गई। आग सदाबहार क्लॉथ हाउस और विजय बागड़ी टेलर लेस की दुकान में लगी। आग पर जब काबू पाया गया तब तक दुकानों में रखा कपड़ा, लेस और अन्य सामान जलकर राख हो चुका था। दुकानदार जगदीश और विजय बागड़ी ने बताया कि रात करीब दो बजे अचानक शॉर्ट सर्किट से आग भड़क उठी। घटना की सूचना तुरंत दमकल विभाग को दी। सूचना के बाद दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची, लेकिन एक गाड़ी से आग पर काबू नहीं पाया गया। इसके बाद दो गाड़ियों को और बुलाया गया, लेकिन तब तक दुकानों में रखा सामान लगभग जल चुका था। हालांकि दमकल कर्मियों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और आसपास की दुकानों तक आग फैलने से रोक लिया। जिला व्यापार मंडल के प्रधान महावीर कंप्यूटर ने जिला प्रशासन और डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा से दुकानदारों को आर्थिक सहायता और मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि आग से दोनों व्यापारियों को भारी नुकसान हुआ है और बिना सरकारी मदद के दोबारा कारोबार शुरू करना मुश्किल होगा।