जींद के एकलव्य स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री देश की पहली हाइड्रोजन आधारित ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे और हरियाणा के लिए हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। शहर के एक निजी होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में बड़ौली ने कहा कि हाइड्रोजन ट्रेन केवल नई रेल सेवा नहीं, बल्कि हरित ऊर्जा, स्वच्छ परिवहन और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प का सशक्त प्रतीक है। इस कार्यक्रम को पूरी तरह पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। कार्बन उत्सर्जन कम करने के उद्देश्य से कार्यक्रम में सीएनजी और इलेक्ट्रिक वाहनों को प्राथमिकता दी गई है, जबकि सिंगल-यूज प्लास्टिक के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण हरियाणा के सभी 22 जिला मुख्यालयों पर बड़ी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से किया जाएगा। इससे अनावश्यक वाहनों की आवाजाही कम होगी और प्रदेशभर के लोग अपने-अपने जिलों में रहकर कार्यक्रम से जुड़ सकेंगे।