लघु सचिवालय में वकीलों के चैंबर व टाइपिस्टों के खोखे हटवाने के लिए एक बार फिर दोबारा तहसीलदार की तरफ से नोटिस जारी किया गया। नोटिस में लिखा गया है कि बुधवार तक तहसील पार्किंग एरिया में रखे वकीलों के अवैध चैंबर व टाइपिस्ट का हटाना सुनिश्चित करें अन्यथा उसके बाद प्रशासनिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। बता दें कि पिछली बार 12 फरवरी को वकीलों के चैंबर व टाइपिस्टों के खोखे हटवाने के लिए तहसीलदार की तरफ से नोटिस जारी किया गया। तहसीलदार की तरफ से नोटिस जारी करने के बाद वकीलों व टाइपिस्टों के विरोध करते हुए 13 फरवरी को वर्क सस्पेंड किया था और उसके बाद 16 फरवरी को भी वकीलों व टाइपिस्टों ने वर्क सस्पेंड रखा। वकीलों व टाइपिस्टों के समर्थन में झज्जर व बादली बार एसोसिएशन के अधिवक्ता भी पहुंचे थे। उसके बाद बेरी एसडीएम वकीलों के धरने पर पहुंची थी और वकीलों ओर प्रशासन के बीच समझौता हुआ था कि बीचों-बीच रखे हुए खोखे हटा लिए जाएंगे। उसके बाद सुचारू रूप से काम शुरू हो गया था, लेकिन अब 23 फरवरी को फिर तहसीलदार की तरफ से खोखे हटाने के लिए नोटिस जारी कर दिया है।