झज्जर। नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल दूसरे दिन भी शुक्रवार को जारी रही। दूसरे दिन भी शहर के मुख्य मार्गों व कालोनियों की सफाई नहीं हुई। हालांकि घर-घर कूड़ा उठान व कूड़ा लिफ्टिंग का काम जारी है। मुख्य मार्गों व कालोनियों की सफाई न होने और बारिश के चलते कूड़ा सड़ने लगा है और बदबू आनी लगी है। शहर के मुख्य बाजार में सड़क के बीचोंबीच कूडे़ के ढेर लगने शुरू हो गए हैं। शुक्रवार को आंबेडकर चौक से कुलदीप चौक के बीच कई जगह कूडे़ के ढेर लगे नजर आए। इसके अलावा दुकानों के बाहर भी कूड़ा पड़ा दिखा। वहीं नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा व सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर नगर परिषद के सभी सफाई कर्मचारी हड़ताल पर रहे। इसकी अध्यक्षता इकाई प्रधान शिवम चावरिया ने की। उन्होंने बताया कि उनकी प्रमुख मांगे 13 मई को संघ व सरकार के बीच हुए समझौते को लागू करना, फरीदाबाद अग्निकांड में शहीद हुए कर्मचारियों के परिवार को एक-एक करोड़ रुपये, सरकारी नौकरी देने, पैरोल के सफाई कर्मचारी व सीवरेजमैन को पक्का करना, झज्जर के 2014 में हटाए हुए 60 कर्मचारियों को ड्यूटी पर वापस लेने, ड्यूटी के दौरान मृत्यु होने पर सफाई कर्मचारियों को 20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करना, ठेका प्रथा बंद करना, सेवानिवृत होने पर कर्मचारियों को 10 लाख रुपये देने, सभी पैरोल फायरमैन व चालकों को नियमित करने, 5000 रुपये जोखिम भत्ता देना सहित अन्य मांग शामिल हैं। इस दौरान नगर पालिका कर्मचारी संघ से राज्य संगठनकर्ता राजपाल झज्जर नगर परिषद के कर्मचारियों के बीच में पहुंचे और कर्मचारियों को संबोधित किया। इस मौके पर रिटायर कर्मचारी संघ से राजेंद्र जुलाना, रमेश जाखड़, सर्व कर्मचारी संघ से जिला प्रधान रामबीर, आशा वर्कर यूनियन से प्रवेश समर्थन देने पहुंचे। इस अवसर पर इकाई सचिव विकास उज्जैनवाल, जिसमें जिला सचिव गौरव, ऑडिटर कृष्ण, सलाहकार सुरेश, सह सचिव बबली, महिला उप प्रधान कमलेश, प्रचार सुचारक मनीषा, शीतल मौजूद रहे।