मिलगेट एरिया की राम विहार कॉलोनी में मंगलवार शाम पुलिस की टीम मकान पर कब्जा छुड़वाने पहुंची तो कब्जाधारक राजेश ने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर आग लगा ली। जिस पर आसपास लोग भड़क गए। उन लोगों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। जिसमें ईएएसआई बृजलाल सहित तीन महिला पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही एएसपी मुद्गल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे । मौके पर भारी पुलिस बल और महिला पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। जानकारी के अनुसार राजेश पिछले करीब 14-15 साल से राम विहार कॉलोनी के इस मकान में रह रहा था। ऋषि नगर निवासी कृष्ण ने इस मकान पर अपना हक जताते हुए अदालत में केस दायर किया था। जिसका फैसला कृष्ण के पक्ष में आया। अदालत के आदेश के बाद मंगलवार दोपहर बाद पुलिस टीम कब्जा छुड़वाने के लिए मौके पर पहुंची। घर पर ताला लगा हुआ था। पुलिस ने अपनी कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने ताला खोलकर सामान बाहर निकालना शुरू किया, तभी मकान में रह रहे राजेश ने विरोध जताते हुए तेल छिड़कर खुद को आग लगा ली। इसके बाद पुलिसकर्मी घबरा गए और राजेश की मदद के लिए दौड़े। पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से राजेश को हिसार के सिविल अस्पताल पहुंचाया। यहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज भर्ती करवाया गया है। राजेश की हालत गंभीर बनी हुई है। राजेश की पत्नी जागीरो देवी ने आरोप लगाया है कि उन्होंने कृष्ण से किस्तों में पैसे देकर यह मकान खरीदा था। कृष्ण ने उन्हें प्लॉट के दस्तावेज नहीं दिए।कृष्ण ने अदालत में उन्हें किराएदार बताया है। उन्होंने भी इस संबंध में हाईकोर्ट में याचिका दायर की हुई है।