फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हांसी के प्रेम नगर में जलभराव पर फूटा लोगों का गुस्सा

सुनील कुमार Updated Sat, 04 Jul 2026 04:38 PM IST

संवाद न्यूज एजेंसी हांसी। शहर के साथ लगते गांव प्रेम नगर में बरसाती पानी की निकासी न होने और लगातार जलभराव की समस्या से परेशान लोगों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। ग्रामीणों ने रेलवे ओवरब्रिज के पास हांसी-वाया उमरा-हिसार मार्ग पर जाम लगा दिया। इस दौरान लोगों ने रोड जाम कर जमकर हंगामा किया और मौके पर पहुंचे अधिकारियों व पुलिस कर्मचारियों के साथ तीखी बहस भी हुई। जाम में भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष रणबीर मलिक भी फंस गए। उन्होंने प्रेम नगर के सरपंच अरविंद कटारिया से जाम को लेकर बातचीत की, लेकिन दोनों के बीच तीखी बहस हो गई। बहस का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों तीखी बहस करते दिखाई दे रहे हैं। जाम के चलते रेलवे ओवरब्रिज सहित सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। लोगों का कहना है कि हर बारिश के बाद क्षेत्र में जलभराव हो जाता है और सीवरेज व्यवस्था भी पूरी तरह चरमरा जाती है। ग्रामीणों ने बताया कि करीब एक साल पहले भी इसी समस्या को लेकर इसी स्थान पर जाम लगाया गया था, लेकिन आज तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया। गांव के सरपंच अरविंद कटारिया ने कहा कि जब तक जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा। महिलाओं ने बताया कि बरसाती पानी के कारण सीवरेज ओवरफ्लो हो रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र में बदबू फैली हुई है और लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है। जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता संजीव त्यागी ने कहा कि विभाग जल्द ही समस्या के समाधान के लिए कार्रवाई करेगा और सीवरेज लाइन की सफाई करवाई जाएगी। वहीं शहर थाना प्रभारी सुखजीत सिंह ने बताया कि करीब एक घंटे से जाम लगा हुआ है। पुलिस लोगों को समझाने का प्रयास कर रही है और जल्द ही जाम खुलवाकर यातायात सामान्य कराया जाएगा।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें