मानसून की शुरुआती बारिश ने ही हांसी नगर की जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। बारिश के बाद पूरा शहर जलमग्न नजर आया। हांसी बस स्टैंड, डीसी निवास रोड, एसडी महिला महाविद्यालय रोड, अंबेडकर चौक, त्रिकोणा पार्क, श्याम बाबा मंदिर सहित शहर के कई प्रमुख इलाकों में भारी जलभराव हो गया। सड़कों पर कई-कई फीट पानी जमा होने से सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं और लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्थानीय निवासी सुभाष ने बताया कि हर साल बारिश के दौरान शहर में इसी तरह के हालात बनते हैं, लेकिन समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया जाता। उन्होंने कहा कि मानसून की शुरुआती बारिश में ही जब शहर की यह स्थिति हो गई है तो आने वाले दिनों में लगातार बारिश होने पर हालात और गंभीर हो सकते हैं। वहीं, आकाश ने कहा कि जलभराव की समस्या को लेकर कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन अभी तक इसका स्थायी समाधान नहीं हुआ। बारिश के बाद शहर की सड़कें पूरी तरह पानी-पानी हो गई हैं और लोगों को घरों से निकलने में भी परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जलभराव वाले क्षेत्रों की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए और बारिश के पानी की निकासी के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि हर बारिश में शहरवासियों को परेशानी का सामना न करना पड़े।