अग्रसेन ग्लोबल सिटी की एक ऐसी परिकल्पना है, जिसमें महाराजा अग्रसेन द्वारा 18 महर्षियों के प्रतिनिधि रूप में स्थापित गोत्रों पर आधारित 18 नगरों की रचना होगीl इसमें हिसार, बरवाला, भुना, फतेहाबाद, भट्टू मंडी, आदमपुर व सीसवाल गांव के क्षेत्र शामिल होंगे। जो बहुत ही महत्वपूर्ण परियोजना होगी। यह बात पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने बुधवार को अपने मलिक चौक स्थित आवास पर प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही। पूर्व मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने बताया कि सोमवार को चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस विषय में एक बैठक का आयोजन किया थाl जिसमें इस विषय को लेकर विस्तार से चर्चा हुईl मुख्यमंत्री ने अग्रोहा को विश्व पुरातात्विक मानचित्र पर नई पहचान देने के लिए इसे एक प्रमुख पर्यटन स्थल व सांस्कृतिक धरोहर केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए निर्देश दिए हैं। अग्रोहा में अत्याधुनिक संग्रहालय स्थापित किया जाएगाl जिसमें खुदाई से मिले पुरावशेषों का प्रदर्शन किया जाएगा।