नवीन शर्मा पौधे शुद्ध ऑक्सीजन और स्वच्छ पर्यावरण के लिए पेड़-पौधे ही एकमात्र सहारा संवाद न्यूज एजेंसी हांसी के शहीद लाल हुकुम चंद पार्क में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल देखने को मिली। शहीद लाल हुकुम चंद पार्क में बच्चों, महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने मिलकर पौधारोपण अभियान चलाया और लोगों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने का आह्वान किया। आपको बता दे कि पर्यावरण संरक्षण का यह संदेश केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनकी देखभाल की जिम्मेदारी निभाने का भी है। अगर हर व्यक्ति साल में सिर्फ एक पौधा लगाए और उसे पेड़ बनने तक संभाले, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सकता है। लगातार पेड़ों की कटाई के कारण तापमान बढ़ रहा है, और ऑक्सीजन का स्तर कम हो रहा है। शमा मल्होत्रा ने कहा कि आज पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया है। सभी ने संकल्प लिया कि केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनकी देखभाल भी करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा जरूर लगाना चाहिए। आज पौधारोपण समय की सबसे बड़ी जरूरत है। क्योंकि शुद्ध ऑक्सीजन और स्वच्छ पर्यावरण के लिए पेड़-पौधे ही एकमात्र सहारा हैं। अजय इलावादी ने बताया कि मॉनसून का मौसम पौधारोपण के लिए सबसे उपयुक्त होता है। इस दौरान लगाए गए पौधे तेजी से विकसित होते हैं और उनके जीवित रहने की संभावना भी अधिक रहती है। उन्होंने बताया कि सावन माह तक यह अभियान लगातार जारी रहेगा और शहर के विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण किया जाएगा।