हिसार शहर के सेक्टर 16-17 के पास साउथ बाईपास के किनारे बसी झुग्गियों में शुक्रवार दोपहर पटाखे की चिंगारी से भड़की आग ने तबाही मचा दी। देखते-देखते ही भीषण आग से 35 झुग्गियां जलकर राख में तब्दील हो गई। गनीमत रही कि इस घटना में किसी का जान नहीं गई। यही हादसा रात में होता तो बड़ी जनहानि हो सकती थी। दमकल की गाड़ियों ने पानी के लिए 20 फेरियां लगाकर 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शाम पांच बजे आग पर काबू पाया। आग बुझाने के दौरान कई झुग्गियों में रखे सिलिंंडर में विस्फोट के धमाके दूर तक सुने गई। इस दौरान दमकल कर्मचारियों को आग बुझाने में परेशानी आई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। उधर, विधायक सावित्री जिंदल ने भी घटनास्थल का दौरा कर पीड़ितों को मदद का भरोसा दिया।