शहर को जाम से मुक्त करने के लिए बस स्टैंड के पिछले गेट से सिरसा और चंडीगढ़ रूट की बसें भी शुरू कर दी गई हैं। इन दोनों रूट पर यात्रियों को पांच-पांच रुपये अतिरिक्त देने होंगे। हिसार से सिरसा का किराया पहले 105 रुपये था, लेकिन यात्रियों से अब 110 रुपये लिया जा रहा है। इसी प्रकार हिसार से चंडीगढ़ का किराया पहले 320 रुपये था जोकि अब बढ़कर 325 हो गया है। वहीं, पिछले गेट से बसें निकालने पर यात्रियों की परेशानी भी बढ़ गई है। कारण है कि बालसमंद रूट की बसें शहर से न होकर पिछले गेट से जा रही है। ऐसे में इस रूट पर सफर करने के लिए यात्रियों को बस स्टैंड आना ही पड़ेगा। जबकि पहले बसें शहर से गुजर कर जा रही थी। शहर के मुख्य चौक से सवारियां बैठती थी। मगर अब यात्रियों को ऑटो या फिर अन्य किसी वाहन पर बस स्टैंड तक आना ही होगा। इससे उनकी जेब पर असर पड़ रहा है। रोडवेज की ओर से शुरुआत में बालसमंद रूट पर पिछले गेट से बसें भेजनी शुरू की थी। कुछ दिन पहले शहर को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए उपायुक्त अनीश यादव ने रोडवेज सहित अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर पिछले गेट से बसों का संचालन करने के दिशा-निर्देश दिए थे। ऐसे में अब सिरसा और चंडीगढ़ रूट पर बसें शुरू कर दी गई हैं।