भारतीय जनता पार्टी की मेयर की टिकट की सूची जारी होते ही हिसार में प्रवीण पोपली के आवास पर ढ़ोल बजा कर खुशी जाहिर की गई। लोगों ने एक दूसरे को गले मिलकर बधाई दी। कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री मनोहरलाल,भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का आभार जताते हुए फैसले का स्वागत किया। समर्थकों ने फूल माला पहना कर प्रवीण पोपली का स्वागत किया। भाजपा की ओर से सूची जारी होने पर समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। बता दें कि पंजाबी समाज से आने वाले प्रवीण पोपली फिलहाल पार्टी में जिला महामंत्री का दायित्व संभाल रहे थे। हिसार में अग्रवाल समाज से विधायक बनने के बाद मेयर की टिकट के लिए पंजाबी समाज के व्यक्ति को ही प्रबल दावेदार माना जा रहा था। हिसार से मेयर की टिकट को लेकर शकुंतला राजलीवाला भी प्रयास कर रही थी। उनके लिए पूर्व मंत्री सावित्री जिंदल उनके लिए प्रयास कर रही थीं। हिसार में पूर्व मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने उनके नाम पर आपत्ति दर्ज कराई थी। डॉ. कमल गुप्ता पार्टी के किसी समर्पित कार्यकर्ता के लिए टिकट की पैरवी कर रहे थे।