अनाज मंडी कच्चा आढ़ती एसोसिएशन के चुनाव में शुक्रवार को वोटिंग शुरू हो गई। चुनाव कमेटी सदस्य लक्ष्मण दास बंसल ने बताया कि दोपहर तक 185 मतदाता वोट डाल चुके हैं। शांतिपूर्ण मतदान के लिए पुलिस बल तैनात है। मतदान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। अंतिम मतदाता सूची में 334 आढ़तियों के नाम शामिल हैं। अग्रवाल भवन में सुबह 9 बजे से मतदान शुरू हुआ, जो दोपहर 3 बजे तक चलेगा। मतदान के तुरंत बाद शाम को ही मतगणना कर नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे। इस चुनाव में कई पदों पर सर्वसम्मति बन गई है। उपप्रधान पद पर राजेंद्र शर्मा और कैशियर पद पर राकेश गौतम का निर्विरोध चुना जाना तय है। सचिव पद पर भी स्थिति साफ हो गई। बलविंदर कुमार ने भाईचारे की मिसाल पेश करते हुए मदन लाल सैनी के समर्थन में नामांकन वापस ले लिया। इससे मदन लाल सैनी निर्विरोध सचिव चुन लिए गए। असली मुकाबला प्रधान पद पर है। इस पद के लिए भगत सिंह और रोशन सैनी आमने-सामने हैं। दोनों प्रत्याशियों के समर्थक सुबह से ही अग्रवाल भवन में जुटे रहे। मतदाताओं में भी उत्साह देखने को मिला।