शहर में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते फैले कूड़े को उठाने के लिए प्रशासन ने सोमवार रात दूसरे दिन पुलिस बल के साथ सफाई अभियान शुरू किया तो हंगामा हो गया। भुना रोड, डांगरा रोड सहित 11 अन्य इलाकों में जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्राली से कूड़ा उठाया जा रहा था। इसी दौरान प्रदर्शनरत सफाई कर्मचारियों ने जेसीबी और पुलिस की गाड़ियों के आगे खड़े होकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। महिला कर्मचारियों ने जेसीबी के आगे लेटकर जोरदार विरोध जताया। स्थिति को बिगड़ता देख पुलिस ने महिला सहित कई कर्मचारियों को पकड़कर पुलिस बसों में डाल लिया। इस दौरान इंदिरा कॉलोनी निवासी महिला सफाई कर्मचारी प्रेमलता की तबीयत बिगड़ गई। बीपी बढ़ने पर उसे तुरंत नागरिक अस्पताल ले जाया गया। वहीं हिरासत में लिए गए कर्मचारी नेता मनदीप ने कहा कि प्रशासन ने हमें फिर से हिरासत में ले लिया है। कल भी पुलिस बल के सहारे कूड़ा उठाने की कोशिश की गई थी और आज फिर वही किया गया। सरकार हमारी हड़ताल को कुचलना चाहती है, लेकिन घबराने की जरूरत नहीं है। हम एकजुट होकर लड़ेंगे और जीतेंगे भी। शहर में टोहाना पुराना बाईपास नजदीक कृष्ण इंस्टिट्यूट, डांगरा रोड पुराना बस स्टैंड के बाहर, इंदिरा गांधी कॉलेज भुना रोड, भुना रोड पुरानी पुन्नी फैक्ट्री के सामने, मदन सुरेश के कारखाने के पास, अग्रसेन चौक, थाना शहर टोहाना के सामने, केएम सरस्वती स्कूल के पास, काली माता रोड के पास, काली माता मंदिर के पास, लक्कड़ मार्केट टोहाना, रेलवे स्टेशन टोहाना के पास व पुरानी सब्जी मंडी टोहाना के पास अभियान चलाया गया।