भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर हरियाणा से राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने कहा कि पार्टी पूरे देश में जोश और उत्साह के साथ स्थापना दिवस मना रही है। कार्यकर्ता अपने-अपने घरों पर पार्टी का झंडा लगाकर सेल्फी अभियान के तहत सोशल मीडिया पर फोटो साझा कर रहे हैं। सांसद बराला ने वक्फ बिल को लेकर बयान देते हुए कहा कि यह बिल गरीब मुस्लिम वर्ग के हित में है। उन्होंने स्पष्ट किया कि, “इस बिल से किसी भी धर्म या समुदाय के आम व्यक्ति को कोई नुकसान नहीं है, बल्कि इससे सिर्फ वे लोग प्रभावित होंगे जो भ्रष्टाचार और वक्फ संपत्तियों के गबन में लिप्त हैं।” बराला ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल जनता को गुमराह करने के लिए झूठी और मनगढ़ंत बातें फैला रहे हैं, लेकिन अब देश की जनता जागरूक है और ऐसी राजनीति के बहकावे में नहीं आने वाली। उन्होंने कहा कि “जैसे पहले नागरिकता संशोधन कानून के समय मुस्लिम समाज को भ्रमित करने की कोशिश की गई, वैसे ही अब वक्फ बिल को लेकर किया जा रहा है। लेकिन सच्चाई यह है कि CAA से किसी की नागरिकता को कोई खतरा नहीं हुआ और न ही वक्फ बिल से किसी समुदाय का नुकसान होगा।” बराला ने विश्वास जताया कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं और नीतियों पर जनता का भरोसा लगातार मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के मंत्र पर काम कर रही है और आने वाले समय में पार्टी और अधिक मजबूत होगी।