सरकार की ओर से प्रदेश में 6 पटवारियों को निलंबित किए जाने की कार्रवाई के विरोध में फतेहाबाद के पटवारी सोमवार को सड़कों पर उतरे। पटवारी पटवार भवन से चलकर लघु सचिवालय परिसर पहुंचे, इस दौरान उन्होंने नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री के नाम डीसी डाॅ. विवेक भारती को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारी पटवारियों का नेतृत्व कर रहे दी रेवेन्यू पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन के जिला प्रधान सुरेश कुमार ने कहा कि ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल पर फसल खराब वेरिफिकेशन में पूरे राज्य में छह पटवारी निलंबित किए गए हैं क्योंकि उन्होंने एक ही फोटो कई बार अपलोड की। हकीकत यह है कि यह प्रक्रिया सभी पटवारी व अन्य उच्चाधिकारियों द्वारा की गई है। प्रत्येक खसरा नंबर की फोटो के साथ खराबा अपडेट करना संभव नहीं हैं। एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारियों का कहना है कि हरियाणा राज्य में फील्ड में पटवारी और कानूनगो की अत्यंत कमी है और कई जिलों में एक पटवारी के पास 8-10 सर्किल का अतिरिक्त कार्यभार है। नवनियुक्त पटवारियों के लिए की गई घोषणा के बावजूद एक वर्ष बीत जाने पर भी उन्हें न तो पूरी सैलरी दी जा रही है और न ही उनकी ज्वाइनिंग को लेकर कोई रोडमैप है।