फतेहाबाद। नगर परिषद कर्मचारियों की हड़ताल आठवें दिन भी जारी रहने से शहर में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। स्वतंत्रता दिवस से पहले शहर को साफ करने के प्रशासन के प्रयास को उस समय झटका लगा, जब कचरा उठाने पहुंची नगर परिषद की टीम का हड़ताली कर्मचारियों ने घेराव कर दिया। कर्मचारियों ने ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर चढ़कर विरोध जताया और कचरा उठाने का काम रुकवा दिया। हालात बिगड़ते देख नगर परिषद की टीम को बिना कचरा उठाए ही वापस लौटना पड़ा। इसके बाद कर्मचारियों ने हाथों में झाड़ू लेकर भूना रोड पर प्रदर्शन किया, जिससे यातायात भी बाधित हुआ। यहां बता दें कि हड़ताल के चलते जिलेभर में सड़कों, गली-मौहल्लों में करीब एक हजार टन कचरा फैला हुआ है। बीच-बीच में हो रही बारिश व बूंदाबादी के चलते कचरे से दुर्गंध फैल रही है। इससे आमजन परेशान है। 15 अगस्त के मद्देनजर प्रशासन ने शहर में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की योजना बनाई थी। इसी के तहत डंपिंग यार्ड से ट्रैक्टर-ट्रॉलियां मंगवाकर अलग-अलग कचरा पॉइंट से कूड़ा उठाने का काम शुरू किया गया। नगर परिषद की टीम जब भूना रोड स्थित कचरा पॉइंट पर पहुंची तो इसकी जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में हड़ताली कर्मचारी वहां पहुंच गए। उन्होंने सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।