फतेहाबाद। राज्य कार्यकारिणी के आह्वान पर दी रेवेन्यू पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन की ओर से लघु सचिवालय के बाहर पार्क में धरना शुक्रवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। जिलेभर से पटवारी व कानूनगो धरने में शामिल हुए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर अपनी मांगें उठाईं। धरने की अध्यक्षता जिला सचिव पटवारी कृष्ण कुमार कालड़ा ने की। सचिव कृष्ण कुमार ने कहा कि नए इंतकाल पोर्टल में खामियों के चलते हजारों इंतकाल लंबित हैं। डिजिटल क्रॉप सर्वे और रोवर डिमार्केशन में भी तकनीकी बाधाएं आ रही हैं। उन्होंने ऑनलाइन कार्य के लिए कंप्यूटर ऑपरेटर और सर्वे के लिए टैब उपलब्ध कराने, सर्वे की रेंज 150 मीटर करने तथा फेस ऑथेंटिकेशन हटाने की मांग की। साथ ही नए पोर्टल को कानूनी मान्यता देने के लिए संशोधित लैंड रिकॉर्ड मैनुअल जारी करने की मांग की गई।