उपमंडल अधिकारी (एसडीओ) सिटी सब-डिवीजन के प्रांगण में हरियाणा स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड वर्कर यूनियन का विरोध प्रदर्शन लगातार आठवें दिन भी जारी रहा। कर्मचारियों ने सोमवार सुबह 10 से 11 बजे तक एक घंटे का रोष प्रदर्शन कर निगम और अधिकारी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन की अध्यक्षता सब-यूनिट प्रधान अशोक कुमार ने की, जबकि मंच संचालन सचिव सतबीर सिंह द्वारा किया गया। इस दौरान मुख्य रूप से यूनिट प्रधान खुर्शीद जी, यूनिट सचिव दिवान सिंह मौजूद रहे। कर्मचारियों के शोषण का लगाया आरोप मीटिंग को संबोधित करते हुए प्रधान अशोक कुमार ने एसडीओ सिटी पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी अपने मनमाने रवैये के चलते कर्मचारियों से 12-12 घंटे ड्यूटी करवा रहे हैं, जो नियमों के विरुद्ध है। इसके अतिरिक्त, सिटी सब-डिवीजन में पर्याप्त संख्या में जेई होने के बावजूद एक लाइनमैन को चार्ज दिया गया है, जो विभागीय कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगाता है। उपभोक्ता भी हो रहे परेशान यूनिट सचिव ने बताया कि सिटी सब-डिवीजन में शिकायत केंद्र न होने के कारण उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारियों की मुख्य मांग है कि शिकायत केंद्र को तुरंत प्रभाव से शुरू किया जाए। साथ ही, फील्ड स्टाफ के तकनीकी कर्मचारियों को कार्यालयों में बिठाया गया है, जिससे क्षेत्र में तकनीकी कार्य प्रभावित हो रहे हैं और स्टाफ की कमी का संकट गहरा गया है। कठोर कदम की चेतावनी यूनियन ने दोटूक शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि समय रहते एसडीओ ने कर्मचारियों की मांगों को पूरा नहीं किया और अपना व्यवहार नहीं सुधारा, तो संगठन कोई भी ठोस कदम उठाने को मजबूर होगा। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि आंदोलन के दौरान यदि किसी भी प्रकार की अशांति होती है, तो इसकी पूर्ण जिम्मेदारी एसडीओ सिटी फतेहाबाद की होगी। इस प्रदर्शन में मुख्य रूप से जगदीश एएफएम, प्रेम एएफएम, राम सिंह लाइनमैन, कृष्ण लाइनमैन, सतपाल एलडीसी, रोहित एसए, संजय सैनी एसए, शर्मिल लाइनमैन, धर्मपाल एएफएम, अमित जेई, राकेश गांधी JE , हरमीत सिंह JE, धर्मपाल JE सहित अन्य कर्मठ कर्मचारी उपस्थित रहे।