फतेहाबाद। पत्नी के आठ माह से दूसरे युवक के साथ रहने से परेशान एक व्यक्ति बुधवार को अपने बच्चों को लेकर एसपी कार्यालय में पहुंचा। युवक ने कहा कि पत्नी आठ माह से अशोक नगर के ही युवक के साथ रह रही है। जब बच्चे उसके पास जाते है तो मारपीट की जाती है। बच्चों के कारण काम पर नहीं जा पा रहा है। पुलिस भी मामले में कार्रवाई नहीं कर रही है। हुडा सेक्टर चौकी में उसे बुलाया गया लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई है। वहीं मामले में पीड़ित की पत्नी भी बुधवार को सामने आई और उसने आरोप निराधार बताए। महिला का कहना है कि वह अपनी सहमति से लिव इन में रह रही है। बता दें कि मंगलवार को युवक बच्चों के साथ पत्नी के प्रेमी के घर के बाहर धरने पर बैठ गया था। धरने की सूचना मिलने पर मोहल्ले के लोग भी मौके पर एकत्रित हो गए। लोगों ने पीड़ित के पक्ष में आवाज उठाते हुए उसे न्याय दिलाने की मांग की थी, बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और व्यक्ति को धरने से उठा कर चौकी में ले गई थी। - तीन दिन से चल रहा मामला पीड़ित के अनुसार, पत्नी के दूसरे युवक के साथ रहने को लेकर वह लंबे समय से परेशान है। सोमवार रात को भी उसने संबंधित युवक के घर के बाहर हंगामा किया था। पुलिस प्रवक्ता विनोद कुमार का कहना है कि मामले में दोनों पक्षों की तरफ से मंगलवार से शिकायत आई हुई है, फिलहाल जांच की जा रही है।