राज्य जनस्वास्थ्य पर्यवेक्षक दल ने शुक्रवार को भट्टूकलां स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। नोडल अधिकारी शौर्य झा के नेतृत्व में पहुंची टीम ने अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने टीकाकरण कक्ष, टीकाकरण से संबंधित रिकॉर्ड, डिलीवरी केंद्र और ओपीडी कक्षों का बारीकी से निरीक्षण किया। टीम ने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, मरीजों को दी जा रही सेवाओं और विभागीय रिकॉर्ड की जांच की। इस दौरान अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को सभी रिकॉर्ड व्यवस्थित एवं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े दस्तावेजों का नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने को कहा। इस मौके पर एएसएमओ डॉ. सुरेंद्र बिसु, डॉ. हेमंत सोनी (नोडल रेबीज एवं स्नेक बाइट), जिला महामारी रोकथाम विशेषज्ञ डॉ. विष्णु मित्तल और डाटा मैनेजर सुनील बरड़वाल मौजूद रहे।