फतेहाबाद। बाल भवन में आयोजित जिला स्तरीय बाल दिवस प्रतियोगिताओं के तीसरे दिन 41 सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों के करीब 390 विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बुधवार को एकल गान, क्लासिकल समूह गान, वेस्ट ड्रामेबाज, स्केचिंग ऑन द स्पॉट, हिंदी-अंग्रेजी हस्तलेखन और क्ले मॉडलिंग प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। जिला रोजगार अधिकारी डॉ. राजेश कुमार ने दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में बिजली सप्लाई बाधित होने के कारण कार्यक्रम करीब ढाई घंटे तक प्रभावित हुआ। जनरेटर होने के बावजूद नहीं चलाया गया। उपायुक्त एवं जिला बाल कल्याण परिषद के प्रधान डॉ. विवेक भारती के निर्देशानुसार परिषद की ओर से 26 से 31 अक्तूबर तक जिला स्तर पर राज्य स्तरीय बाल दिवस प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इसमें पहली से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए 40 प्रकार की प्रतियोगिताएं करवाई जा रही हैं। इनका उद्देश्य बच्चों की रचनात्मकता, कलात्मक प्रतिभा और आत्मविश्वास को बढ़ावा देना है। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने गायन, चित्रकला, हस्तलेखन और मिट्टी से कलाकृतियां बनाने में अपनी प्रतिभा दिखाई। विभिन्न स्कूलों से आए बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लिया और अपनी कला का प्रदर्शन किया। जिला बाल कल्याण अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि जिला स्तर पर विजेता रहने वाले विद्यार्थियों को जोनल और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर मिलेगा। सभी विजेता बच्चों को 14 नवंबर को बाल दिवस के अवसर पर उपायुक्त की ओर से पुरस्कृत किया जाएगा। इस अवसर पर अमर मोंगा, ललिता रानी, सीमा रानी, वीरेंद्र सिंह, जोनी कुमार, सुरेश कुमार, राजेंद्र कुमार, पूर्ण सिंह, नेहा शर्मा, मीनाक्षी और नीलम सहित विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थी मौजूद रहे।