हरियाणा के चरखी दादरी में अपराध शाखा टीम ने भिवानी से अवैध बिक्री के लिए उत्तराखंड में ले जाई जा रही शराब की खेप पकड़ी है। पुलिस ने दो कारों में सवार दो आरोपियों को काबू किया है जबकि एक गाड़ी से अंग्रेजी शराब की 816 बोतलें बरामद हुईं। दोनों आरोपियों के खिलाफ बौंदकलां पुलिस थाने में आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। अपराध शाखा में शामिल हेड कांस्टेबल हरदीप सिंह की टीम को सूचना मिली कि दो युवक भिवानी से दादरी के रास्ते उत्तराखंड में अवैध बिक्री के लिए शराब ले जा रहे हैं। अभी वह बौंदकलां के कच्चे रास्ते से होकर गुजरने वाले हैं। इनमें एक स्विफ्ट कार पुलिस नाके की रेकी कर रही है जबकि उत्तराखंड नंबर प्लेट की क्रेटा में शराब रखी है।