दादरी शहर में रविवार को हुए सड़क हादसे में ओलंपियन मनु भाकर के मामा और नानी की मौत हुई थी। हादसे के तीन दिन बाद दादरी शहर थाना पुलिस ने उनकी स्कूटी को टक्कर मारने के आरोपी ब्रेजा पिचोपा कलां निवासी विजय को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, एसपी अर्श वर्मा ने मामले की जांच के लिए चार सदस्यीय एसआईटी गठित की है जिसकी कमान ट्रेनी आईपीएस दिव्यांशी सिंगला को सौंपी गई है। एसआईटी पीड़ित परिवार के हत्या का अंदेशा जाहिर करने पर गठित की गई है। बता दें कि 19 जनवरी को रोडवेज में तैनात मनु भाकर के मामा युद्धवीर अपनी मां सावित्री देवी को स्कूटी पर बैठाकर घर से बस स्टैंड की तरफ आ रहे थे। जब वो महेंद्रगढ़ व लोहारू चौक के बीच पहुंचे तो एक तेज रफ्तार ब्रेजा ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और नागरिक अस्पताल पहुंचने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे के बाद ब्रेजा भी पलट गई थी और उसमें सवार चालक फरार हो गया था।