भिवानी। खाद्य, आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले के मंत्री राजेश नागर ने कहा कि प्रदेश के गेस्ट टीचर का मामला मुख्यमंत्री के संज्ञान में है। मुख्यमंत्री इस मामले में जनहित में उचित कदम उठाएंगे। सूचना के अनुसार प्रदेश के 12 हजार के लगभग गेस्ट टीचर को रेगुलर किए जाने की चर्चाओं के बीच तकनीकी खामी दिखाकर फिलहाल गेस्ट टीचर को पक्का करने की प्रक्रिया अब धीमी पड़ गई है। मंत्री राजेश नागर ने डाक विभाग के कर्मचारी को निलंबित किए जाने के आदेश पिछली बैठक में दिए थे, उनकी पालना न होने पर फिर से अधिकारियों को संज्ञान लेकर कार्य में कोताही बरतने वाले कर्मचारी पर कार्रवाई किए जाने के आदेश दिए। पत्रकारों से बातचीत के दौरान मंत्री राजेश नागर से जब पोस्ट ऑफिस विभाग के एक मामले में सुपरिटेंडेंट के खिलाफ हुई एफआईआर और निलंबन के बारे में पूछा गया, तो मंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रशासनिक स्तर पर उचित कार्रवाई की गई है। पत्रकारों द्वारा डिपो होल्डर को कमीशन ना दिए जाने पर डिपो होल्डर एसोसिएशन द्वारा हड़ताल की धमकी दिए जाने के सवाल पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि अधिकांश डिपो धारकों को कमीशन दिया जा चुका है, और यदि कोई विशेष मामला है तो उसकी जांच कर समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है, उनका काम केवल विरोध करना रह गया है। जनता ने उनकी नीतियों को तीसरी बार नकार दिया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कभी ईवीएम तो कभी अन्य बातों का रोना रोकर कांग्रेस अपनी हार और असफलताओं को छिपाने का प्रयास करती है।