विश्व पर्यावरण संरक्षण दिवस के उपलक्ष्य में हनुमान जोहड़ी धाम मंदिर प्रांगण में हमारा अपना फाउंडेशन द्वारा हमारा अपना वन अभियान की औपचारिक शुरुआत की गई। मंदिर के महंत बालयोगी चरणदास महाराज के पावन सान्निध्य में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भिवानी शहर को एक स्थायी हरित धरोहर सौंपना है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) पवन कुमार तथा विशिष्ट अतिथि हरियाणा अनुसूचित जाति आयोग के उपाध्यक्ष विजेंद्र बडगूजर ने शिरकत की। अतिथियों व गणमान्य नागरिकों ने मंदिर परिसर में 200 पौधे रोपित कर इस हरित क्रांति की शुरुआत की। इस अवसर पर मुख्य अतिथि सीजेएम पवन कुमार व उपाध्यक्ष विजेंद्र बडगूजर ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का आयोजन न होकर हमारी जीवनशैली का हिस्सा होना चाहिए। ऐसी सामुदायिक पहल आने वाली पीढ़ियों के लिए शुद्ध हवा, नियंत्रित तापमान और बेहतर जल संरक्षण सुनिश्चित करेगी। महंत चरणदास महाराज ने कहा कि पौधारोपण संस्कृति में महान पुण्य का कार्य है और इस सघन वन का निर्माण प्रकृति व ईश्वर की सच्ची सेवा है।