सार्वजनिक मंचों व सोशल मीडिया पर अश्लीलता व हिंसात्मक भाषा प्रसारित करने वाले गायक के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर जन अधिकार समाज कल्याण समिति व लोहारू के जागरूक नागरिकों ने एसडीएम के माध्यम से हरियाणा के मुख्यमंत्री एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। यह जानकारी देते हुए समिति के कानूनी सलाहकार एडवोकेट अशोक आर्य ने बताया कि गत दिनों देहरादून में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान हरियाणवी गायक मासूम शर्मा ने मंच से अश्लीलता की सभी सीमाएं लांघते हुए खुलेआम अभद्र व गंदी भाषा का प्रयोग किया। इस संबंध में बहल पुलिस थाना में शिकायत भी दर्ज करवाई जा चुकी है। उन्होंने कहा कि उक्त गायक द्वारा लगातार मंचों व सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अत्यंत अश्लील, अभद्र एवं हिंसक भाषा का प्रयोग किया जा रहा है, जिससे समाज के नैतिक मूल्यों को ठेस पहुंच रही है और युवाओं पर इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने इसे महिला सम्मान एवं सामाजिक मर्यादा के विरुद्ध गंभीर मामला बताया।