केंद्रीय ट्रेड यूनियनों व कर्मचारी संगठनों के आह्वान पर मजदूर, कर्मचारियों ने बुधवार को लेबर कोड लागू किए जाने के खिलाफ नेहरू पार्क में इकट्ठा होकर काला दिवस मनाया। संगठन के आह्वान पर रोष प्रदर्शन किया व घंटाघर चौक पर लेबर कोड की प्रतियां जलाई व लेबर कोड निरस्त किए जाने की मांग की। कार्यक्रम की संयुक्त अध्यक्षता सीटू नेता सदीक डाढ़म, इंटक नेता रामोतार खोरड़ा, एआईयूटीयूसी नेता धर्मबीर सिंह, सर्व कर्मचारी संघ नेता सुमेर आर्य ने की व मंच संचालन सीटू नेता कामरेड अनिल कुमार ने किया। काला दिवस का संयुक्त किसान मोर्चा के घटक किसान सभा, एआईकेकेएमएस, रिटायर्ड कर्मचारी संघ, जनवादी महिला समिति की नेताओं ने भी समर्थन किया। ट्रेड यूनियनों, कर्मचारी संगठनों व संयुक्त किसान मोर्चा ने ओलावृष्टि से बर्बाद फसलों का उचित मुआवजा, किसान आंदोलन के दौरान दर्ज हुए मुकदमों के नोटिस व उड़ीसा के किसान नेता प्रकाश मलिक के गिरफ्तारी की निंदा व मुकदमे निरस्त किए जाने की मांग की। केंद्रीय ट्रेड यूनियनों व कर्मचारी नेताओं ने सभा को संबोधित करते कहा कि लेबर कोड लागू होते ही काम के घंटे 8 से बढ़ाकर 10 से 12 घंटे किए जा रहे है। यूनियन बनाने का अधिकार को खत्म किया जा रहा है। न्यूनतम वेतन, स्थाई रोजगार के स्थान पर अस्थाई रोजगार लागू किया जा रहा है। लेबर कोड लागू होते ही मजदूरों को कॉरपोरेट का गुलाम बनाए जाने का षड्यंत्र रचा जा रहा है। जिसको किसी भी सूरत में बर्दाश्त किया जायेगा।