केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की बोर्ड परीक्षाओं की शुरुआत सोमवार को गणित विषय के पेपर के साथ हो गई। जिले में परीक्षा के लिए 15 परीक्षा केंद्र बनाए गए है। सभी परीक्षा केंद्रों पर पहले दिन गणित की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। सुबह निर्धारित समय पर परीक्षा शुरू हुई और डेढ़ बजे परीक्षा समाप्त होने के बाद छात्र-छात्राएं केंद्रों से बाहर निकले। परीक्षा को लेकर प्रशासन और शिक्षा विभाग पूरी तरह सतर्क नजर आया। सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। केंद्रों के बाहर पुलिस बल तैनात रहा, जबकि अंदर उड़नदस्तों द्वारा नियमित निरीक्षण किया गया। परीक्षा से पहले विद्यार्थियों की गहन जांच की गई, जिससे किसी भी तरह की नकल या अनुचित साधनों के प्रयोग की आशंका न रहे। केंद्र अधीक्षकों ने भी समय-समय पर कक्षाओं का निरीक्षण किया।