कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का चाय वाला एक एआई जनरेटेड वीडियो एक्स पर ट्वीट किया है, जिस पर हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कड़ा पलटवार किया है। बुधवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि कांग्रेस ने करोड़ों गरीब लोगों का अपमान किया है, कोई भी आदमी छोटे से छोटा काम करके भी ऊपर जा सकता है जो हमारे प्रजातंत्र की खूबसूरती है। लेकिन कांग्रेस इसको लात मारने में लगी हुई है। मंत्री अनिल विज ने खुद का उदाहरण देते हुए कहा कि वह भी पहले पोस्टर लगाया करते थे लेकिन आज मंत्री हैं। उन्होंने कहा अनेकों लोग हैं जो छोटे-छोटे काम करके ऊपर तक आए हैं। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस ऐसा कर रही है तो वह प्रजातांत्रिक तरीके, प्रजातांत्रिक सिस्टम और प्रजातांत्रिक व्यवस्था का घोर अपमान कर रही है।