नाग पंचमी और सावन के मौके पर पिपराइच स्थित मोटेश्वर शिव मंदिर में जलाभिषेक करने जा रहे 'जय महाकाल बोल बम' यात्रियों के जत्थे द्वारा हाटा बाजार के पैडलेगंज के पास बहुत तेज डीजे बजाया जा रहा है। इससे इलाके में रहने वाले लोगों और बीमार मरीजों की परेशानी बढ़ गई है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि अगर आप दिल के कमजोर हैं तो ऐसे तेज डीजे की आवाज से हार्ट अटैक आ सकता है। वहीं छोटे बच्चों और बुजुर्गों के कान का पर्दा भी फटने का खतरा रहता है। लगातार 100 डेसिबल से ऊपर की आवाज सुनने से सुनने की क्षमता पर भी असर पड़ता है।