अमर उजाला ब्यूरो झांसी। इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से समाजवादी पार्टी (सपा) के डॉ. मान सिंह यादव लगातार दूसरी बार विधान परिषद सदस्य निर्वाचित हुए हैं। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी अशोक कुमार राठौर को 27,663 मतों से पराजित किया। डॉ. मान सिंह यादव को कुल 60,358 वोट मिले, जबकि अशोक कुमार राठौर के खाते में 32,695 मत आए। सपा प्रत्याशी की जीत की खबर मिलते ही पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल बन गया। स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए मंगलवार सुबह आठ बजे शुरू हुई मतगणना बुधवार दोपहर करीब सवा दो बजे तक चली। 14 टेबलों पर नौ चरणों में मतगणना पूरी की गई। बुधवार सुबह साढ़े छह बजे पांचवें चरण की गणना पूरी होने तक सपा प्रत्याशी ने अच्छी बढ़त बना ली थी। इसके बाद के चरणों में भी उनकी बढ़त लगातार बढ़ती गई। अंत में घोषित परिणाम में डॉ. मान सिंह यादव ने शानदार जीत दर्ज की। उन्हें कुल पड़े मतों में 55.13 फीसदी मत प्राप्त हुए। इस तरह प्रथम वरीयता के मतों की गणना में ही उनकी जीत सुनिश्चित हो गई। जीत से उत्साहित कार्यकर्ताओं ने बताई वजह सपा प्रत्याशी की जीत को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं से बातचीत में यह जानने की कोशिश की गई कि लगातार दूसरी बार मिली जीत के पीछे कौन से प्रमुख कारण रहे।