दिवाली और छठ पूजा के मद्देनज़र रविवार सुबह से ही दादरी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हजारों की संख्या में लोग अपने घरों को जाने के लिए स्टेशन पहुंचे, जिससे प्लेटफॉर्म पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। दादरी, ग्रेटर नोएडा और आसपास के इलाकों के लोगों के लिए दादरी स्टेशन नजदीकी रेलवे स्टेशन है। सुबह 7 बजे से ही यात्री स्टेशन पर पहुंचने लगे और कुछ ही देर में सभी प्लेटफॉर्म खचाखच भर गए। दिल्ली से अलीगढ़ की ओर जाने वाली ट्रेनों में सबसे ज्यादा भीड़ देखने को मिली। यात्रियों ने बताया कि अधिकतर ट्रेनें पहले से ही भरी हुई आ रही थीं, जिसके कारण लोगों को ट्रेन में चढ़ने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान महिला यात्रियों और बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी हुई।