यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के सेक्टर-21 में प्रस्तावित उत्तर प्रदेश की महत्वाकांक्षी अंतरराष्ट्रीय फिल्म सिटी परियोजना का शिलान्यास जून में होगा। फिल्म निर्माता बोनी कपूर की कंपनी बेव्यू प्रोजेक्ट्स द्वारा विकसित की जा रही इस फिल्म सिटी के पहले चरण का ड्राफ्ट मास्टर प्लान सोमवार को यीडा को सौंप दिया गया। इस दौरान फिल्म निर्माता बोनी कपूर ने फिल्म सिटी के पहले चरण में किसी भी व्यावसायिक विकास को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि हम प्राधिकरण के नियमों के अनुसार ही सभी काम करेंगे। पहले चरण में फिल्म इंस्टीटयूट और शूटिंग सुविधाएं ही विकसित होंगी। इस परियोजना में 155 एकड़ में फिल्म सिटी और इससे जुड़ी सुविधाएं विकसित होनी है। दूसरे चरण में 75 एकड़ में व्यावसायिक गतिविधियों को जगह मिली है। पहले चरण का काम पूरा होने के बाद ही हम दूसरे चरण में जाएंगे। इसके साथ ही उन्होंने साफ किया कि हमें 230 एकड़ जमीन की ही आंवटित हुई है और इसमें 135 एकड़ फिल्मिंग सुविधाओं, 20 एकड़ फिल्म संस्थान और 75 एकड़ में व्यावसायिक गतिविधियों के लिए आवंटित किया गया है। कुल लागत लगभग 1510 करोड़ रुपये आंकी गई है। यीडा बुनियादी ढांचागत सुविधाएं और कार्यालय निर्माण में सहयोग करेगा।