नोएडा में डूब क्षेत्र के सोरखा खेल मैदान में रविवार को भारतीय किसान परिषद की ओर से कमेरा वर्ग को बिजली की मूलभूत सुविधा दिलाने की मांग को लेकर महापंचायत आयोजित की गई। महापंचायत में करीब 10 हजार कमेरा वर्ग के लोग और किसान शामिल हुए। इस दौरान शहर को चलाने वाला श्रमिक वर्ग और अन्नदाता एकजुट होकर अपनी समस्याओं और अधिकारों को लेकर एक मंच पर नजर आए। महापंचायत में मौजूद लोगों ने संकल्प लिया कि अपने हक और अधिकार हासिल करने के लिए हर स्तर पर संघर्ष के लिए तैयार रहेंगे। बैठक में एक अहम निर्णय लेते हुए ऐलान किया गया कि 9 फरवरी 2025 से सेक्टर-16 स्थित विद्युत विभाग के सीनियर इंजीनियर कार्यालय पर भारतीय किसान परिषद के नेतृत्व में कमेरा वर्ग अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करेगा। साथ ही एनटीपीसी दादरी और नोएडा प्राधिकरण से जुड़े लंबित अधिकारों को लेकर भी आने वाले समय में आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी गई। महापंचायत में वक्ताओं ने कहा कि किसान और कमेरा वर्ग गांधीवादी तरीके से शांतिपूर्ण संघर्ष करते हुए प्रशासन और शासन के समक्ष अपनी आवाज मजबूती से रखेंगे।