भाईपुर गांव के पास स्थित नानकेश्वर महादेव मंदिर में भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए बड़ी संख्या में कांवड़िये रबूपुरा होते हुए मंदिर पहुंच रहे हैं। दिल्ली, हरियाणा, नोएडा समेत आसपास के कई जिलों से कांवड़िये जल लेकर आ रहे हैं और रात 12 बजते ही भोलेनाथ का अभिषेक करेंगे। कांवड़ियों की भारी संख्या को देखते हुए जगह-जगह सेवा शिविर लगाए गए हैं, जहां कांवड़ियों के ठहरने के साथ ही उनके लिए चाय, नाश्ता और फलाहार का प्रबंध किया गया है। शिविरों में दवाइयों का भी इंतजाम है, जिससे जरूरत पड़ने पर कांवड़ियों को प्राथमिक उपचार दिया जा सके।