नोएडा सेक्टर 122 में स्थित जगन्नाथ मंदिर में तीन दिनों से चल रहे वार्षिक उत्सव का शुक्रवार को श्रद्धा और भक्ति के साथ समापन हुआ। समापन कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में सुबह से ही भक्तों की आवाजाही शुरू हो गई थी। अंतिम दिन विशेष रूप से कीर्तन और भजन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और भगवान जगन्नाथ की स्तुति में भावविभोर नजर आए। कीर्तन भजन के उपरांत मंदिर प्रांगण में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस भंडारे में नोएडा और आसपास के क्षेत्रों से सैकड़ों श्रद्धालु पहुंचे और भगवान जगन्नाथ का प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन के दौरान सेवाभाव और अनुशासन का विशेष ध्यान रखा गया, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि यह जगन्नाथ मंदिर ओडिशा के पुरी स्थित प्रसिद्ध जगन्नाथ मंदिर की तर्ज पर बनाया गया है। इसी कारण यहां पूजा पद्धति, उत्सव और परंपराएं भी उसी शैली में संपन्न की जाती हैं। नोएडा में स्थित यह मंदिर श्रद्धालुओं के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है, जहां रोजाना सैकड़ों भक्त भगवान जगन्नाथ से अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना करते हैं।