नोएडा सेक्टर-50 स्थित मेघदूतम पार्क और सेक्टर-51 के चिल्ड्रन पार्क में पिछले करीब दो साल से बंद पड़े फव्वारे अब परेशानी का कारण बन रहे हैं। फव्वारों की वाटर बॉडी में बारिश का गंदा पानी जमा होने से मच्छर पनप रहे हैं। इससे बीमारी फैलने की आशंका को लेकर स्थानीय निवासियों में चिंता बढ़ गई है। आरोप है कि लगातार अनुरोध के बावजूद फव्वारों की मरम्मत नहीं कराई जा रही है। सेक्टर-51 निवासी और महासचिव संजीव कुमार ने बताया कि लंबे समय से फव्वारे बंद हैं। बारिश के दौरान इनमें पानी जमा हो जाता है, जिसकी नियमित सफाई नहीं होने से स्थिति और खराब हो रही है। उन्होंने नोएडा प्राधिकरण से फव्वारों की मरम्मत कराने और वाटर बॉडी की सफाई कराने की मांग की है। निवासियों का कहना है कि नोएडा में पहले पार्कों की सुंदरता और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाता था। उनका आरोप है कि पूर्व मुख्य कार्यपालक अधिकारी रितु माहेश्वरी के कार्यकाल में शहर के सौंदर्यीकरण, हरियाली, फव्वारों और रंगीन लाइटों पर विशेष जोर दिया गया था। पार्कों में टेंडर, ठेकेदार, लागत और कर्मचारियों से जुड़ी जानकारी के बोर्ड भी लगाए जाते थे। संजीव कुमार ने कहा कि अब शहर के कई हिस्सों में सफाई और सौंदर्यीकरण की स्थिति खराब दिखाई दे रही है। सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन से सेक्टर-53 सीएनजी पंप की ओर जाने वाले मार्ग समेत कई स्थानों पर कूड़े के ढेर दिखाई देते हैं। उन्होंने नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करुणेश से शहर की स्वच्छता, हरियाली और सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने तथा फव्वारों को जल्द चालू कराने की मांग की है।