नोएडा शहर के सबसे पुराने बाजारों में शामिल भंगेल बाजार इन दिनों जाम के जाल में फंसा हुआ है। आलम यह है कि पुलिस चौकी के आस पास का अतिक्रमण गेझा रोड को हर रोज जाम कर देता है, तो वहीं व्यापारियों की ओर से इकट्ठा फंड से तैयार वनवे रास्ता सिर्फ हफ्तेभर में बंद होने से हजारों ग्राहकों का आना बंद हो गया। भंगेल बाजार में बुधवार को व्यापारियों संग अमर उजाला संवाद का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में व्यापारियों ने संवाद में शामिल होकर अपनी समस्याएं बताई। व्यापारी राजीव गुप्ता ने बताया कि पांच साल में बाजार की दुर्दशा हो गई है। नोएडा प्राधिकरण ने लंबे समय बात भंगेल एलिवेटेड जस तस तैयार तो कर दिया, लेकिन उसका ड्रेनेज सिस्टम ऐसा है कि एलिवेटेड का पानी नीचे बनी दुकानों और लोगों के सिर पर गिरता है। सुभाष गर्ग ने कहा कि नीचे की सड़क पिछले पांच सालों से जर्जर है, जहां सिर्फ धूल धूल नजर आती है। अभिषेक त्यागी ने बताया कि सार्वजनिक शौचालय सिर्फ एक बना है जिसकी कभी देख रेख नहीं होती। राजेंद्र कुमार ने कहा कि पुलिस चौकी के आस पास और डिवाइडर में इतना अतिक्रमण है कि पूरी रोड का सिर्फ 20 प्रतिशत हिस्सा ही खुला है, जिसके चलते वाहन मार्केट तक आ ही नहीं पाते हैं।