सूरजपुर स्थित पुलिस लाइन में अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया। राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) के सहयोग से आयोजित शिविर का उद्घाटन अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय) अजय कुमार पांडेय, आईपीएस ने किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों सहित स्वैच्छिक रूप से शिविर में पहुंचे 42 ने रक्तदान किया। अपर पुलिस आयुक्त अजय कुमार पांडेय ने कहा कि राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) की भूमिका अहम है। उन्होंने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है। उन्होेंने कहा कि इसके माध्यम से जीवन को बचाया जा सकता है। रक्त की जरुरत पूरी होने से परिवारों की खुशियां लौटाई जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस के जवान केवल आपकी रक्षा ही नहीं करते बल्कि सामाजिक कार्यों में भी जिम्मेदारी से भाग लेते हैं। इसका ही नतीजा है कि कहीं भी रक्त की जरुरत होने पर आपको पुलिस के जवान तैयार मिलेंगे। डीसीपी मुख्यालय रवि शंकर निम, आईपीएस ने कहा कि हमें समाज की सेवा के लिए आगे आना ही होगा। जिससे विकसित भारत का सपना पूरा हो सके। वहीं डीसीपी लाइन शैलेन्द्र कुमार सिंह, आईपीएस ने कहा कि कई हमारे ऐसे जवान हैं जो 15 बार से अधिक रक्तदान कर चुके हैं। आरक्षी जोगेंद्र सिंह खुद 16वीं बार रक्तदान किया है। वह दूसरों के लिए मिसाल बन रहे हैं। इस मौकेे पर आरआई पुलिस लाइन सुरेश राय, जिम्स से डॉ शिप्रा, डॉ रोशनी, कल्याण भाटी, उमा अवस्थी, मोहित कुमार, सोनू यादव आदि मौजूद रहे। इस मौके पर ओमेगा-1 सेक्टर स्थित यथार्थ अस्पताल के सहयोग से अमर उजाला फाउंडेशन ने स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया। इसमें डॉ. सोनू तिवारी ने पुलिसकर्मियों से कहा कि हमें स्वस्थ रहने के लिए योग को अपनाना होगा। पुलिसकर्मियों ने आंखों की जांच, बीपी, शुगर के साथ कई जांच कराईं। फेफड़ों की सेहत को भी स्वास्थ्य शिविर में परखा गया।