माई सिटी रिपोर्टर ग्रेटर नोएडा। रमजान के पाक महीने के आखिरी शुक्रवार को अलविदा जुमा की नमाज सूरजपुर स्थित मस्जिद में अकीदत और शांतिपूर्ण माहौल में अदा की गई। नमाज के दौरान बड़ी संख्या में नमाजी मस्जिद में जुटे और अल्लाह की बारगाह में सिर झुकाकर इबादत की। नमाजियों ने अमन-चैन, खुशहाली और आपसी भाईचारे के लिए विशेष दुआ मांगी। दोपहर 12 बजे से ही मस्जिद परिसर और आसपास के क्षेत्रों में नमाजियों का आना शुरू हो गया था। नमाज से पहले इमाम ने रमजान के महत्व, रोजे की बरकत और इंसानियत के संदेश पर तकरीर करते हुए लोगों से आपसी सौहार्द बनाए रखने और जरूरतमंदों की मदद करने की अपील की। उन्होंने कहा कि रमजान का महीना सब्र, त्याग और इंसानियत का पैगाम देता है। अलविदा जुमा की नमाज के अवसर पर स्थानीय प्रशासन और पुलिस भी सतर्क नजर आई। मस्जिद और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे ताकि नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। पुलिसकर्मी लगातार क्षेत्र में गश्त करते रहे और व्यवस्था बनाए रखी। नमाज अदा करने के बाद नमाजियों ने एक-दूसरे को रमजान की मुबारकबाद दी और देश में शांति, सद्भाव और तरक्की की दुआ की। नमाज के बाद लोग अपने-अपने घरों को लौट गए। पूरे कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में शांति और सौहार्द का माहौल बना रहा।