गुरुग्राम शहर के न्यू कॉलोनी मोड़ के पास 27 फरवरी को बिना नंबर की थार व अन्य गाड़ियों में सवार होकर कुछ युवक एक बिजनेसमैन के नाबालिग बेटे के साथ मारपीट करने पहुंचे थे। युवकों ने हॉकी स्टिक व डंडे लिए हुए थे। बताया जा रहा है कि नाबालिग लड़के ने एक दुकान के अंदर छिपकर अपनी जान बचाई और डायल 112 पर कॉल करके पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस की ईआरवी मौके पर पहुंची। ईआरवी को देखकर युवक मौके से भाग गया। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें युवकों के हाथ में हॉकी स्टिक व डंडे लेकर दिखाई दे रहे हैं। युवकों द्वारा नाबालिग लड़के का पीछा करने के संदर्भ में गुरुग्राम सिटी थाने में शिकायत दी गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए विशाल व अमन सहित अन्य कई युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। वहीं, रविवार को बिना नंबर की एक थार को भी जब्त करके सिटी थाने में खड़ा किया गया है।