गुरुग्राम में महज डेढ़ घंटे की बारिश ने मंगलवार को गुरुग्राम में मानसून तैयारियों के दावों की पोल खोल दी। शहर की प्रमुख सड़कें, कॉलोनियां और राष्ट्रीय राजमार्ग जलभराव की चपेट में आ गए। एनएच-48 पर सनबीम कंपनी के पास सड़क धंसने से दो लेन बंद करनी पड़ी। जबकि, जगह-जगह पानी भरने और अधूरे निर्माण कार्यों के कारण वाहन फंसते रहे। लोगों को घंटों जाम और जलभराव से जूझना पड़ा। मंगलवार दोपहर करीब 1:30 बजे शुरू हुई तेज बारिश करीब तीन बजे तक हुई। हालांकि शाम तक हल्टी बारिश होती रही। इस दौरान गुरुग्राम तहसील में 76 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि कादीपुर और हरसरू में 82-82 मिमी वर्षा हुई। इसके बावजूद शहर की जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह लड़खड़ाती नजर आई। सबसे गंभीर स्थिति दिल्ली-जयपुर हाईवे (एनएच-48) पर देखने को मिली। हीरो होंडा चौक से नरसिंहपुर तक मुख्य कैरिजवे पर पानी भर गया। सनबीम कंपनी के पास ट्रेंचलेस पाइपलाइन डालने का काम चल रहा है। दूसरी ओर बारिश के दौरान शिवाजी नगर, अर्जुन नगर, राम नगर, देवीलाल कॉलोनी, गांधी नगर, शक्ति पार्क, बसई एन्क्लेव, पटेल नगर, सेक्टर-4, 5, 21, 22, 40, पालम विहार, सुशांत लोक, सनसिटी तथा न्यू गुरुग्राम के सेक्टर-55 और 56 सहित कई इलाकों में दो से तीन फीट तक पानी भर गया। कई कॉलोनियों में पानी घरों के अंदर तक पहुंच गया, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। शहर की प्रमुख सड़कों पर भी हालात खराब रहे। राजीव चौक, सेक्टर-15, सब्जी मंडी, हीरो होंडा चौक, नरसिंहपुर सर्विस रोड, बसई रोड, पटौदी रोड, नेहरू स्टेडियम रोड और उमंग भारद्वाज मार्ग समेत कई स्थानों पर जलभराव के कारण यातायात बाधित रहा।